राशन कार्ड काटे जाने पर भाकियू लोकशक्ति का आक्रोश, एक सप्ताह में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
राशन कार्ड काटे जाने पर भाकियू लोकशक्ति का आक्रोश, एक सप्ताह में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुमित नागर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, पात्र लाभार्थियों के कार्ड बहाल करने की मांग
भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुमित कुमार नागर ने अपने कैंप कार्यालय धनौरा पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक कर अमरोहा जनपद में बड़ी संख्या में राशन कार्ड निरस्त किए जाने के मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों के राशन कार्ड काटे जाने से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अनेक परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित हो गए हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. नागर ने कहा कि संगठन को लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें लोगों ने बिना उचित जांच और सत्यापन के राशन कार्ड निरस्त किए जाने की बात कही है। इससे उन परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जो पूरी तरह सरकारी राशन व्यवस्था पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए तथा जिन लोगों के राशन कार्ड पात्रता के बावजूद काटे गए हैं, उन्हें तत्काल बहाल किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। यदि किसी तकनीकी त्रुटि, अपूर्ण दस्तावेज या अन्य कारणों से पात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त हुए हैं तो संबंधित विभाग को संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
डॉ. नागर ने प्रशासन और खाद्य एवं रसद विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति जिले के सभी खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी राशन कार्ड कटने की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों के अधिकारों की रक्षा के लिए भाकियू लोकशक्ति लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जन आंदोलन भी चलाया जाएगा।
इस अवसर पर मास्टर रणवीर यादव, संजय प्रजापति, सुरेंद्र सैनी, जसवंत सैनी, रामपाल सिंह, अतुल नागर, डॉ. यतन कटारिया, राजेश सैनी, योगेंद्र, श्रीओम, राजेश नागर, फूल सिंह, अशोक, जयसिंह, ऊदल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
June 10, 2026
Rating:

No comments: